फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक पंक्चर और खत्म हो गई 2 जिंदगी: अधूरी रह गई माता के दरबार में जाने की कामना, 6 महीने से जिद कर रहे थे अमरदीप

Sun, 05 Jul 2026 10:29 AM IST
Vijay Singh Pundir हरभजन सिंह, अमर उजाला, मुरादनगर (गाजियाबाद)

सार

माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे मुरादनगर के एक सराफ समेत दो लोगों की अंबाला हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक 10 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शुक्रवार देर रात खन्ना कस्बे के पास उस समय हुआ, जब पंक्चर हुई कार का पहिया बदला जा रहा था। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। 
विज्ञापन
दो युवकों की ट्रक की टक्कर से मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिछले छह महीने से अमरदीप कह रहा था कि पापा इस बार माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जरूर चलेंगे। आखिरकार कार्यक्रम बना भी लेकिन वह माता के दरबार तक पहुंचने से पहले ही दुनिया छोड़ गया। गाजियाबाद के मुरादनगर की जीतपुर कॉलोनी निवासी अमरदीप वर्मा की सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों की जुबां पर यही दर्द बार-बार छलक रहा है। 

विज्ञापन
Trending Videos

घर में हर कोई इस बात को याद कर बिलख रहा है कि जिस यात्रा का परिवार लंबे समय से इंतजार कर रहा था, वही यात्रा सबसे बड़ा दुख बन गई। परिजन और सराफा व्यापारी अजय वर्मा ने बताया कि अमरदीप पिछले करीब छह महीने से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने की बात कर रहा था। व्यस्तता के कारण हर बार कार्यक्रम टल जाता था। इस बार जब सभी की सहमति बनी तो शुक्रवार रात पूरा परिवार दो कारों से दर्शन के लिए रवाना हुआ।

किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। अंबाला हाईवे पर कार पंक्चर होने के बाद अमरदीप अपने दोस्त विक्की जाटव के साथ पहिया बदलवा रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अमरदीप और विक्की की मौत हो गई, जबकि दस वर्षीय आरव गंभीर रूप से घायल हो गया। घर में अब यात्रा की तैयारियों की जगह मातम पसरा है। जिन हाथों में माता के प्रसाद और चुनरी चढ़ाने का उत्साह था, उन्हीं हाथों ने अब बेटे की अर्थी को कंधा देने की तैयारी की।

हर आने-जाने वाले की जुबां पर एक ही बात है-माता ने बुलावा तो दिया लेकिन अपने दरबार तक पहुंचने से पहले ही उसे अपने चरणों में बुला लिया। पड़ोसियों का कहना है कि अमरदीप मिलनसार और धार्मिक स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मौत ने पूरे मोहल्ले को गहरे सदमे में डाल दिया है। जीतपुर कॉलोनी में हर घर में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

पंक्चर कार का पहिया बदल रहे थे
माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे मुरादनगर के एक सराफ समेत दो लोगों की अंबाला हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक 10 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शुक्रवार देर रात खन्ना कस्बे के पास उस समय हुआ, जब पंक्चर हुई कार का पहिया बदला जा रहा था। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। शोक के चलते स्थानीय सराफा कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं।

जानकारी के अनुसार, जीतपुर कॉलोनी निवासी राजपाल वर्मा अपनी पत्नी राधा, पुत्र अमरदीप वर्मा (25), मोनू वर्मा और पुत्री मोनिका के साथ रहते हैं। सक्को वाली गली में उनकी शिव ज्वैलर्स के नाम से सराफा की दुकान है। दुकान में राजपाल और अमरदीप बैठते थे। परिवार ने रिश्तेदारों और शीतलपुरी कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय विक्की जाटव के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन का कार्यक्रम बनाया था।

मोनू वर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात सभी लोग दो कारों में मुरादनगर से रवाना हुए। एक कार में राजपाल वर्मा, उनकी पत्नी राधा, बेटी मोनिका, पुत्र मोनू और पुत्रवधू मोनिका सवार थे। दूसरी कार में अमरदीप, उनका 10 वर्षीय भतीजा आरव, दोस्त विक्की और गाजियाबाद निवासी बुआ का बेटा हरदीप सवार थे।

देर रात पंक्चर हुई थी कार
मोनू वर्मा ने बताया कि वह दूसरी कार में अमरदीप व अन्य लोगों से करीब 25 किमी आगे थे। रात करीब ढाई बजे उन्हें मोबाइल फोन पर हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद वह तुरंत लौटे। घटनास्थल पर पता चला कि अमरदीप की कार अंबाला हाईवे पर खन्ना कस्बे के पास पहुंची तो टायर पंक्चर हो गया। अमरदीप ने कार को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया। विक्की कार का पहिया बदलने लगे, जबकि अमरदीप और 10 वर्षीय आरव पास ही खड़े थे। इसी बीच तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग कई फीट दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने अमरदीप और विक्की को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आरव को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

खुशियों भरी यात्रा पलभर में मातम में बदली
परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उत्साह के साथ घर से निकला था, लेकिन पलभर में दो परिवारों के लिए यात्रा की खुशी मातम में बदल गई। हादसे की खबर जैसे ही मुरादनगर पहुंची, जीतपुर कॉलोनी और शीतलपुरी कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई। सक्को वाली गली स्थित सराफा बाजार के व्यापारियों ने शोक में अपनी दुकानें बंद रखीं। दोनों परिवारों के घरों पर लोगों की भीड़ जुटी रही और रिश्तेदार व परिचित परिवार को ढांढस बंधाते रहे।
विज्ञापन

गहरी दोस्ती... और साथ ही थम गई जिंदगी
शीतलपुरी कॉलोनी निवासी विक्की इलेक्ट्रिशियन थे। अमरदीप से उनकी गहरी मित्रता थी। दोनों ही अविवाहित थे। परिजनों के अनुसार, शुरुआत में विक्की ने काम का हवाला देकर यात्रा पर जाने से मना कर दिया था, लेकिन शुक्रवार शाम अचानक उनका कार्यक्रम बदल गया और वह अमरदीप के साथ जाने के लिए तैयार हो गए। परिवार के लोगों का कहना है कि किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगी। परिजनों की जुबां पर बस यही शब्द हैं, शायद मौत उन्हें अपने साथ खींचकर ले गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें