नंदग्राम थाना क्षेत्र के भोवापुर गांव में मंगलवार सुबह खेत में मूली लेने गईं तीन महिलाएं हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गई।
विज्ञापन
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मृतकों की पहचान 22 वर्षीय रूबी और 45 वर्षीय सत्यवती के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में 18 वर्षीय देवश्री गंभीर रूप से घायल हुई है। बताया गया कि तीनों मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे खेत में मूली लेने गई थीं।
इसी दौरान खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटा हुआ पड़ा था। उसकी चपेट में आने से तीनों महिलाएं करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में रूबी और सत्यवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि देवश्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हाईटेंशन लाइन का तार कब से टूटा पड़ा था।