गाजियाबाद। कारोबारी पर चाकू से हमले के मामले में लापरवाही बरतने पर दो उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। डीसीपी सिटी ने मेडिकल रिपोर्ट में जानलेवा हमले को सामान्य चोट दर्शाने वाले चिकित्सक की जांच के लिए सीएमओ को पत्र भेजा है।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि गुलधर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक श्यामवीर नौहवार और नंदग्राम थाने में तैनात जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अतुल कुमार को निलंबित किया गया है।
भट्ठा नंबर पांच रोड निवासी व्यापारी लक्की गुप्ता पर 15 सितंबर की रात विवाद के दौरान चाकू से गर्दन पर वार किया गया था। जख्म जानलेवा था। पुलिस ने जिला अस्पताल में घायल का मेडिकल कराया, लेकिन चिकित्सक ने रिपोर्ट में सामान्य चोट दर्शा दी। इसी रिपोर्ट के आधार पर जांच अधिकारी ने धाराएं लगाकर चार्जशीट तैयार कर दी।
घायल ने इसकी शिकायत पुलिस आयुक्त से की। मामला संज्ञान में आने पर दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। सीएमओ को पत्र भेजकर चिकित्सक की भूमिका की जांच की मांग की गई है।