लोनी। प्लॉट को लेकर हुए विवाद के बाद निठौरा गांव मार्ग स्थित सरपंच गार्डन कॉलोनी में शुक्रवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग कर दी। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों काे शांत कराया। पुलिस ने अपनी तरफ से दोनों पक्षों के खिलाफ लोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज की है।
लोनी एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि सरपंच गार्डन कॉलोनी में शुक्रवार शाम दो पक्षों में मारपीट हो रही है। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि दो पक्षों कल्लू बेग व सलाऊ के बीच प्लाॅट को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार शाम को दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद कल्लू बेग ने पुत्र साजिम बेग के साथ मिलकर हवाई फायरिंग की। वहीं दूसरी ओर से सलाऊ पक्ष द्वारा फायरिंग किये जाने की बात पता चली है। दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग के दौरान लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। एसीपी ने बताया कि पुलिस उपनिरीक्षक विनोद पांडे की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने, जानलेवा हमला करने और फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।