मोदीनगर पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से एक लुटेरा घायल हो गया। पुलिस ने पकड़े गए लुटेरो के कब्जे से लूटे गए कुंडल, तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि मोदीनगर पुलिस शुक्रवार रात सीकरी कलछीना रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भाग निकले । भागने की हड़बड़ाहट में उनकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल सहित गिरे और पैदल भागने लगे। भागते समय एक लुटेरे ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक लुटेरे के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दूसरे लुटेरे को पीछा कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ और बरामदगी
गिरफ्तार लूटेरों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने बीती 21 तारीख को नगर की कृष्ण कुंज कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी महिला शशिबाला से दो कान के कुंडल लूटे थे। शशिबाला के पति जगपाल सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा है। पुलिस ने उनके पास से एक जोड़ी कुंडल, एक तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
लुटेरों का आपराधिक इतिहास
पुलिस ने घायल लुटेरे का नाम फारुख उर्फ छोटू व उसके साथी का नाम मोहम्मद हाशिम बताया । दोनों लुटेरे मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार पकड़े गए लुटेरों पर मेरठ और गाजियाबाद में छह से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।