मसूरी। नौ दिन पूर्व किराना स्टोर का शटर उखाड़कर गल्ले में रखे चार लाख बीस हजार रुपये चोरी करने वाले दो आरोपियों को मसूरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनका एक साथी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपियों से 13980 रुपये बरामद किए गए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि मसूरी बिलाल मस्जिद के पास एमएस थोक परचून स्टोर में नौ दिसंबर की तड़के चोरों ने शटर उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित का आरोप था कि चोरों ने गल्ले से 4.20 लाख रुपये की नकदी चोरी की है। बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम मुस्तकीम निवासी मोहल्ला शाहजमाल कस्बा किठौर मेरठ हाल निवासी मुगल गार्डन कालोनी पिपलैड़ा धौलाना हापुड़ और सलमान निवासी मोहल्ला शाहजमाल कस्बा किठौर बताया है। दोनों से 13980 रुपये बरामद किए गए हैं। इनका तीसरा साथी इरशाद निवासी शाहजमाल कस्बा किठौर मेरठ अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बताया कि इनके तीसरे साथी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।