मोदीनगर। रिटायर्ड दरोगा की पत्नी से चेन लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक लुटेरे के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चेन बेचकर मिले 78 हजार रुपये, तमंचा और स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर विभिन्न थानों में छह से अधिक मामले दर्ज हैं।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस को क्षेत्र में लुटेरों के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों स्कूटी लेकर जंगल की ओर भागने लगे। कुछ दूर जाकर स्कूटी फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल समेत दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम जैनुल, दूसरे ने शाहिद बताया। दोनों लिसाड़ी गेट, मेरठ के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने दो अगस्त की दोपहर आदर्शनगर कॉलोनी में महिला के गले से चेन लूटने की बात स्वीकार की। पीड़िता शशिबाला गोविंदपुरी स्थित सुचेतापुरी कॉलोनी की रहने वाली हैं। उनके पति चंद्रवीर सिंह रिटायर्ड दरोगा थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूटी गई चेन 78 हजार रुपये में बेच दी थी।