मोदीनगर। निवाड़ी पुलिस और अंतरराज्यीय लुटेरों में शनिवार सुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए दोनों लुटेरों को पुलिस ने पकड़ लिया। लुटेरों ने शुक्रवार दोपहर निवाड़ी गंगनहर पटरी मार्ग पर कार सवार परिवार से तमंचे के बल पर चेन लूटने का प्रयास किया था। पकड़े गए लुटेरे धनंजय पर दिल्ली एनसीआर में 70 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने लुटेरों के कब्जे से बाइक, दो तमंचे और लगभग पांच हजार रुपये नकदी बरामद की है।
एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि शनिवार तड़के निवाड़ी- कुसैड़ी मार्ग पर बाइक सवार लुटेरे सक्रिय होने की सूचना मिली। निवाड़ी थाना प्रभारी प्रभुदयाल टीम के साथ लुटेरों की घेराबंदी में लग गए। तभी बाइक सवार दो संदिग्ध दिखे, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से दोनों लुटेरे घायल हो गए। पकड़े लुटरों ने अपना नाम राशिद निवासी ईदगाह कॉलोनी मुरादनगर और धनंजय निवासी सुंदरनगरी नंदनगरी नई दिल्ली व हाल निवासी शालीमार गार्डन गाजियाबाद बताया।
धनंजय पर दिल्ली एनसीआर में दर्ज है 70 से अधिक मुकदमें, दो मुकदमों में हो चुकी है सजा
एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे धनजंय और राशिद बेहद शातिर अपराधी हैं। धनंजय पर दिल्ली एनसीआर में 70 से अधिक मुकदमें दर्ज है। पुलिस को पूछताछ में लुटरों ने बताया कि वह दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद सहित कई अन्य स्थानों पर चेन और कुंडल लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के अनुसार लुटेरे धनंजय को दिल्ली में दर्ज लूट के दो मुकदमों में सजा भी हो चुकी है। लुटेरे राशिद पर 14 मुकदमे दर्ज हैं। लुटेरे मोदीनगर तहसील क्षेत्र में लूट को अंजाम देने के बाद दिल्ली नोएडा भाग जाते थे।
आठ माह में दिया तीन घटनाओं को अंजाम, शुक्रवार दोपहर गंगनहर पटरी मार्ग पर कार सवार परिवार से किया था चेन लूट का प्रयासः पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए लुटेरे धनंजय और राशिद मोदीनगर क्षेत्र में पिछले आठ माह से सक्रिय थे। लुटेरों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उन्होंने बीते वर्ष सितंबर माह में निवाड़ी के गांव कुम्हैड़ा में महिला बबीता शर्मा से पता पूछने के बहाने कुंडल लूट लिए थे। इसके अलावा इसी वर्ष 17 मार्च को मोदीनगर की गोविंदपुरी चौकी के समीप सिपाही लक्की पाल की पत्नी सविता के गले से सोने की चेन लूटी थी। शुक्रवार दोपहर निवाड़ी गंगनहर पुल के समीप जूस की दुकान पर खड़े कार सवार परिवार से तमंचे के बल पर चेन लूटने का प्रयास किया था। चेन टूटकर कार में गिर गई थी। इसी दौरान भीड़ जमा होने पर लुटेरे हथियार हवा में लहराते हुए भाग खड़े हुए। इसके बाद वह रात में एक बार फिर सक्रिय हो गए और पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
धनंजय 20 वर्षों से है जरायम की दुनिया में
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया 37 वर्षीय लुटेरा धनंजय शातिर अपराधी है। धनंजय ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद समेत दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में चेन और कुंडल लूट समेत कई घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस को पूछताछ में धनंजय ने बताया कि उसने 17 साल की उम्र लूट की थी। वह बीस साल से जरायम की दुनिया में सक्रिय है।