क्वारेंटीन के लिए दो और कॉलेज किए गए अभिहित - जिले में 10 क्वारेंटीन सेंटरों में 1435 बेड की व्यवस्था माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। क्वारेंटीन सेंटर में लगातार बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने दो और कालेजों को क्वारेंटीन सेंटर के लिए अभिहित किया है। दोनों कालेजों में दो सौ बेड की व्यवस्था है। हांलाकि अभी इन दोनों सेंटरों पर कोई कोरेंटीन नहीं किया गया है। प्रशासन ने हाईटेक इंस्टीट्यूट इंद्रगढ़ी और एबीईएस इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल अधिग्रहित करके स्वास्थ्य विभाग को सौंपे हैं। अब स्वास्थ्य विभाग के पास संदिग्ध मरीजों को कोरेंटीन करने के लिए 1435 बेड की व्यवस्था हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के पास कोरोना के संदिग्ध मरीजों को क्वारेंटीन करने के लिए बेड की संख्या कम पड़ रही थी। इसे लेकर विभागीय अधिकारी खासे चिंतित थे। स्वास्थ्य विभाग जिले में क्वारेंटीन के लिए 2000 बेड की व्यवस्था करने में जुटा था। प्रशासन ने दोनों कॉलेज के हॉस्टल अभिहित करके स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिए। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि हाईटेक इंस्टीट्यूट के हॉस्टल में 80 बेड तैयार कर दिए गए हैं और एबीईएस कॉलेज में 120 बेड की व्यवस्था है। इसके अलावा आईएमएस कॉलेज में भी बेड की संख्या बढ़ाकर 490 कर दी गई है। पहले यहां 140 बेड की व्यवस्था थी। सीएमओ ने बताया कि अब विभाग के पास कोरोना संदिग्ध मरीजों को क्वारेंटीन में रखने के लिए 1435 बेड की व्यवस्था हो गई है। इसे 2000 तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल जिले में बनाए गए 10 सेंटरों पर 636 लोग भर्ती हैं। इसके अलावा 50 लोग क्वारेंटीन से मुक्त हो चुके हैं। वर्तमान में सेंटर पर क्वारेंटीन किए गए लोगों की स्थिति क्वारेंटीन सेंटर - भर्ती - क्षमता सुंदरदीप आयुर्वेदिक अस्पताल -192 - 192 संतोष मेडिकल कॉलेज - 85 - 125 आरकेजीआइटी - 71 - 70 आइटीएस सूर्या अस्पताल - 38 - 40 आइएमएस डासना - 46 - 490 आइडियल कॉलेज - 55 - 170 जनहित इंस्टिट्यूट - 77 - 78 कम्युनिटी हॉल, लोनी - 52 - 50 हाईटेक इंस्टीट्यूट इंद्रगढ़ी - 0 - 80 एबीईएस कॉलेज, लालकुआं - 0 - 120 ------------