क्षेत्रांतर्गत गांव में जमीनी विवाद में भाईयों में हुआ खूनी संघर्ष, दो भाइयों ने तीसरे भाई पर लाठी-डंडों और कुर्सी से किया हमला, घायल भाई ने अपने दो भाईयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। मसूरी क्षेत्रांर्तगत ग्राम नहाल में जमीन बंटवारे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहाँ दो भाइयों ने मिलकर अपने ही सगे तीसरे भाई पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़ित ने थाने पहुँचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। मिली जानकारी के अनुसार, नाहल निवासी असलम पुत्र प्यार मौहम्मद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 फरवरी की रात करीब पौने दस बजे जब वह अपने घर पहुंचा, तो वहां जमीन के हिस्से की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसके भाई भूरे और आजाद ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपी भूरे ने असलम के सिर पर जोर से कुर्सी मार दी, जिससे उसे गम्भीर चोटें आईं। पीड़ित असलम ने बताया कि उसने किसी तरह अपनी जान बचाई और 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित का आरोप है कि हमला करने के बाद भूरे ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित ने बताया कि भाइयों ने जमीन के चक्कर में उसे बेरहमी से पीटा है। पीड़ित ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि पीड़ित असलम की दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी भूरे व आजाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल के बाद वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।