मसूरी। गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर शनिवार की देर शाम दो टैंपो की टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो से मजदूरी करके घर लौट रहे श्रमिक की मौत हो गई। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया, हालांकि परिजनों ने हादसे के 24 घंटे बाद भी तहरीर नहीं दी है।
कार्यवाहक एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि शनिवार की रात करीब आठ बजे गंगनहर रेलवे पुल के आगे दो ऑटो की टक्कर हो गई। हादसे में गांव नाहल के मोहल्ला गुइयों में रहने वाले सलीम पुत्र फजर मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग सलीम को गंभीर हालत में रामा अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने सलीम को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा और रविवार को मेडिकल परीक्षण कराकर शव परजिनों को सौंप दिया है। परिजनों ने शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है। एसीपी ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।