गाजियाबाद। सिहानीगेट थाना क्षेत्र के पटेल नगर में बाजार में गार्ड को बंधक बनाकर हरजिंदर सिंह की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान का ताला तोड़कर नौ लाख रुपये कीमत का कॉपर तार और पांच हजार रुपये लूटने की घटना का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। घटना सात सितंबर की थी। चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इनमें से मुख्य आरोपी और लूट का माल खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल तीन बदमाश अभी फरार हैं। जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
डीसीपी नगर राजेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान सिहानीगेट के शिब्बनपुरा निवासी नितिन राय और मुजफ्फरनगर के चरथावल निवासी मोहम्मद जाहिद उर्फ बाबू के रूप में हुई। हाल में जाहिद दिल्ली में मदीना मस्जिद ज्योति नगर में रह रहा है, जाहिद कबाड़ी है। इनके पास से 100 किलोग्राम लूटा गया कॉपर का तार बरामद किया है। पूछताछ में पता चला कि नितिन ने पूरी वारदात की साजिश रची। कुछ दिन पहले उसने रेकी कर अपने साथी नदीम को इस बारे में बताया। इसके बाद नदीम, आरिफ और एक अन्य के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
सात सितंबर की तड़के एक कार से आकर उन्होंने बाजार के गार्ड को पकड़ लिया इसके बाद दो साथियों ने दुकान के ताले तोड़कर माल कार में भर लिया। फिर गार्ड को पांच सौ रुपये देकर चले गए। माल को दिल्ली में मोहम्मद जाहिद को कुछ माल 1.38 लाख रुपये में बेच दिया। बाकी माल आपस में बांट लिया। डीसीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों को ट्रेस कर पकड़ा है। इनके फरार साथियों की तलाश की जा रही है। जांच में पता चला कि नदीम शातिर किस्म का बदमाश है। उसके खिलाफ 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है।