साहिबाबाद। मेरठ परतापुर तेल डिपो से भरकर निकलने वाले टैंकर की रिपीट तोड़कर व जीपीएस सिस्टम हैक कर पेट्रोल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। टीला मोड़ थाना पुलिस ने रविवार को गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से 200 लीटर पेट्रोल, बिना कागजात की कार, रिपीट तोड़ने की मशीन, एक एलएमपी, जीपीएस हैकर डिवाइस, एक प्लास, बेस बॉल स्टिक बरामद की। एसीपी शालीमार गार्डन सूर्यबली मौर्या ने बताया कि टीला मोड़ थाना पुलिस टीम ने प्रशांत त्यागी निवासी डिफेंस कॉलोनी कंकरखेड़ा मेरठ और राजीव शर्मा निवासी अबुपुर थाना निवाड़ी को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि वह सामूहिक रूप से मेरठ परतापुर के पास तेल डिपो से भरकर निकलने वाले टैंकरों को निशाना बनाते हैं। जीपीएस मशीन हैक कर सुनसान जगह पर रास्ते में टैंकर को रोककर मशीन की मदद से रिपीट तोड़ देते थे। इस दौरान पेट्रोल चोरी कर लेते हैं। फिर चोरी के पेट्रोल को लोगों को सस्ते दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।