साहिबाबाद। शालीमार गार्डन बुध बाजार मार्ग पर 74 वर्षीय गोमती यादव के कान में पड़ी सोने की चेन खींचने वाले आरोपी 20 मार्च की रात चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े। इनमें शालीमार गार्डन के गणेशपुरी का रहने वाला मोहम्मद अमन और शहीद नगर निवासी अमन हैं। दोनों के पास से चोरी की बाइक व स्कूटी के साथ ही बुजुर्ग महिला के कान से खींची गई चेन और एक युवक से छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ है। दोनों ने छिनैती की वारदात करना भी पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 11 मार्च की सुबह करीब नौ बजे बुजुर्ग गोमती यादव बाजार से घर लौट रही थीं। इस दौरान दो बाइक सवारों ने झपट्टा मारकर कान में पहने हुए आर्टीफिशियल झुमके में लगी सोने की चेन खींच ली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान दो वाहन चालकों को रोका गया था। दोनों मोहम्मद अमन और अमन थे। वाहन के कागजात न दिखाए जाने पर संदेह हुआ तब सख्ती से पूछताछ की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब सात-आठ दिन पहले 150 फुटा मार्ग पर महिला से छिनैती की थी। वहीं करीब एक माह पहले वजीराबाद मार्ग पर एक युवक से मोबाइल फोन छीना था। दोनों के पास से मिली बाइक व स्कूटी को दिल्ली से चुराया गया था। एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों शनिवार को कोर्ट में पेश किए गए और यहां से न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।