गाजियाबाद। लोनी में जावली भट्ठे का पास भ्रूण लिंग परीक्षण करते दो आरोपियों नरेंद्र और दलाल सुरेंद्र को पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ हरियाणा के झज्जर जिले की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पकड़ लिया। भ्रूण लिंग परीक्षण करने का मुख्य आरोपी कपिल कसाना मौके से भाग गया। कपिल पहले भी कईबार भ्रूण लिंग परीक्षण करते गिरफ्तार किया जा चुका है। झज्जर की टीम ने गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग को मामले की जानकारी दी।
प्री कंस्पेशन एंड प्रीनेटल डायग्नोस्टिक टेक्निक (पीसीपीएनडीटी) के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ.अनुराग संजोग ने बताया कि कपिल 35 हजार रुपये मेंभ्रूण लिंग परीक्षण कर रहा था। बुधवार को हरियाणा के झज्जर जिले की स्वास्थ्य विभाग और गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। मौके से दो आरोपियों को पकड़ा लिया गया। जिला विधिक अधिकारी उमेश गुप्ता ने बताया कि कपिल कसाना के खिलाफ पहले भी चार बार रिपोर्ट दर्ज कराईजा चुकी है। जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी फिर से भ्रूण लिंग का परीक्षण शुरू कर देता है।
- दिल्ली में जांच कराने की बात कहकर ले आया था-
दलाल सुरेंद्र ने महिला डिकॉय से 35 हजार रुपये में जांच कराने की बात तय की थी। बुधवार को दलाल ने दिल्ली में जांच करने की बात कहकर नांगलोई सेडिकॉय को साथ ले आया लेकिन, दिल्ली की जगह वह लोनी के जावली गांव लेकर पहुंच गया। यहां से दूसरा शख्स डिकॉय को बाइक पर बैठाकर भट्ठा के पास लेकर पहुंचा। जावली भट्ठे के पास एक कमरे में ले गया। वहां पहले से अल्ट्रासाउंड जांच करने के लिए कपिल मौजूद था। लेकिन, डिकॉय के साथ पीछे-पीछे विभागीय
टीम होने की भनक लगने पर वह कमरे के दूसरे दरवाजे से भाग गया। मौके पर टीम ने छापा मारकर सुरेंद्र व नरेंद्र को पकड़ लिया। अल्ट्रासाउंड मशीन को भी टीम ने कब्जे में लिया। जिसके बाद आरोपियों के साथ टीम लोनी थाने पहुंची। जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम को पूरी कार्रवाई के बाद जानकारी दी गई, जिससेआरोपियों के खिलाफ हरियाणा या गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा एफआईआर दर्ज कराने का पेंच फंस गया। पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ.अनुराग संजोग ने बताया कि रिपोर्ट रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
-2024 में हुई भ्रूण लिंग परीक्षण की घटनाएं-
02 दिसंबर : लोनी में दो गिरफ्तार
15 नवंबर : लोनी के कंचन पार्क में दो गिरफ्तार
11 जुलाई : मटियाला में कार में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच
24 जून : लोनी में महिला समेत तीन लोग गिरफ्तार
21 जून : लोनी में दो गिरफ्तार, एक भागने में सफल
31 मई : लोनी में तीन गिरफ्तार
27 मई : महरौली में दो गिरफ्तार
17 मई : घिटौरा के प्रधान नर्सिंग होम में पोर्टेबल मशीन से जांच, सात के
खिलाफ रिपोर्ट दर्ज।
14 मई : लोनी में छापा मारकर दो लोगों को किया गिरफ्तार
13 मई : नंदग्राम में दो गिरफ्तार
09 मई : लोनी में भ्रूण लिंग परीक्षण करते दो गिरफ्तार