जल्द शुरू होगी ट्रूनाट मशीन से कोविड जांच, मिली मशीन - मशीन से टीबी की भी होगी जांच - जिला एमएमजी अस्पताल में लगाई जाएगी नई मशीन माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। जिले में अब कोरोना जांच हो सकेगी, जांच शुरू होने के महज तीन घंटे में रिपोर्ट मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ट्रू नाट मशीन लाने के लिए लखनऊ गई है। स्वदेशी मशीन ट्रू नॉट से गाजियाबाद सहित 55 जिलों में शुरू होगी। इसमें एक साथ दो सैंपल लगाए जा सकेंगे और दो घंटे में उनकी रिपोर्ट प्राप्त हो जाएगी। ऐसे में जांच प्रक्रिया में काफी तेजी आएगी। इस मशीन से टीबी की भी जांच की जा सकेगी। अभी तक विदेशी मशीन सीबीनॉट से जांच की जाती है। सीबीनॉट मशीन की लागत 27 लाख रुपये है। इस मशीन में जांच के लिए प्रयोग किया जाने वाला कार्टिलेज भी काफी महंगा है, जबकि ट्रूनॉट मशीन का कार्टिलेज सस्ता पड़ेगा। मशीन जिला एमएमजी अस्पताल में लगाई जाएगी। मशीन का संचालन करने के लिए जल्द ही लैब टैक्नीशियन की ट्रेनिंग कराई जाएगी, जिससे कि शीघ्र ही मशीन का लाभ मरीजों को मिल सके। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. जेपी श्रीवास्तव ने बताया राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत केंद्र ने प्रदेश्सूू को 55 ट्रूनॉट मशीनें उपलब्ध कराई हैं। राज्य क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी की ओर से जिला क्षय रोग अधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि इन मशीनों की मदद से न केवल टीबी की जांच होगी बल्कि कोविड-19 संक्रमण की जांच भी की जा सकेगी। टीबी की जांच के लिए अब तक स्वास्थ्य विभाग के पास सीबीनॉट मशीन थी। ट्रूनॉट मशीन उससे भी एडवांस बताई जा रही है। ट्रूनॉट मशीन से प्राप्त कोविड-19 संक्रमण की रिपोर्ट को प्रतिदिन प्रदेश पोर्टल और आईसीएमआर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जबकि क्षय रोग की रिपोर्ट संबंधित जिला क्षय रोग अधिकारी को भेजी जाएगी। ------------- आशुतोष यादव