लॉकडाउन में गिर गया बिजली विभाग का राजस्व - मई माह में 235 करोड़ में से जमा हो सका 165 करोड़ - ऑनलाइन पेमेंट का नहीं मिल पा रहा लाभ - विभाग की अपील ऑनलाइन बिल जमा करें लोग माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। लॉकडाउन में बिजली विभाग का राजस्व का भी घटा है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के चलते विभाग ने डिजिटल भुगतान पर जोर दिया था। इसकी वजह से राजस्व भी कम हासिल हुआ। विभाग को मई माह में 235 करोड़ का राजस्व मिलना था, जिसमें से 165 करोड़ ही विभाग को मिल सका। अधिकारियों का कहना है कि बिल जमा करने के लिए सभी काउंटर भी शुरू कर दिए गए हैं, जहां सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए व्यवस्था भी की है, लेकिन लोग अगर बजाय बिजलीघर जाकर बिल जमा कराने के ऑनलाइन जमा करें तो बेहतर होगा। मुख्य अभियंता आरके राणा ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्युत निगम ऑनलाइन बिजली के बिल जमा करने पर जोर दे रहा है। इसके अलावा गर्मियों में होने वाले लोकल फाल्ट को रोकने के लिए टीमों को निर्देश दिए गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। मई माह में गर्मी होने के बावजूद बिजली की डिमांड पिछले साल के मुकाबले 25 फीसद तक कम रही। मुख्य अभियंता ने बताया कि इंडस्ट्रीज न चलने के कारण बिजली की डिमांड इस बार नहीं बढ़ी।