साहिबाबाद। थानाक्षेत्र के मोहन नगर में संचालित ई-कॉमर्स कंपनी के ग्रोसरी गोदाम के बाहर सो रहे ट्रक चालक मैनपुरी निवासी अखंड प्रताप (22) की करंट लगने से मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोग उसे अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा 30 जून की देर रात हुआ। एक जुलाई को पुलिस के काफी समझाने पर परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने गोदाम संचालक और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार अखंड प्रताप गोदाम पर ग्रोसरी सामान पहुंचाने का काम करते थे। 30 जून को वह बल्लभगढ़ से ग्रोसरी का सामान लेकर साहिबाबाद पहुंचे थे। यहां गोदाम के पास चैनल के बाहर लगी लोहे की बेंच पर सो रहे थे। देर रात अचानक करंट लगने से वह झुलस गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों व उनके साथी ने देखा तो तुरंत बिजली सप्लाई बंद कराई और अस्पताल लेकर गए।
यहां डॉक्टरों ने अखंड प्रताप को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया लेकिन परिजन बुधवार तक पोस्टमार्टम न कराने की बात पर अड़े रहे। इस दौरान मोर्चरी पर लोगों ने शोर-शराबा भी किया। काफी देर तक पुलिस ने परिजनों को समझाया तब जाकर वह माने और पोस्टमार्टम के बाद दोपहर बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुष्ट होगा। लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।