गढ़मुक्तेश्वर। भीषण गर्मी और उमस के बीच नगर के कई मोहल्लों में बिजली व्यवस्था चरमराने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बुधवार रात बार-बार ट्रिपिंग और अघोषित बिजली कटौती के कारण लोगों की नींद उड़ गई। कई क्षेत्रों में हर दस मिनट के अंतराल पर बिजली आने-जाने का सिलसिला चलता रहा, जिससे नागरिकों को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर के राजीव नगर, इंद्रा नगर, सुंदर नगर और उपाध्याय नगर समेत कई मोहल्लों में लो-वोल्टेज की समस्या भी बनी रही। निवासी राकेश कुमार का कहना है कि बिजली तो आ रही है लेकिन वोल्टेज इतना कम है कि पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिजली की समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है।
कोट
गर्मी में अधिकांश घरों में एसी चल रहे हैं। इससे वोल्टेज पर असर पड़ रहा है। इसके लिए टीम जांच कर समाधान कराने के लिए निर्देशित किया है। - सूर्यउदय कुमार, एक्सईएन