गाजियाबाद। दहेज की मांग पूरी न होने पर मसूरी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली दो सगी बहनों को उनके पति ने तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उन पर लग्जरी कार और 20 लाख रुपयेे लाने का दबाव डाल रहे थे। एक महिला के साथ उसके ननदोई ने छेड़छाड की। महिला ने पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि उसकी और उसकी बहन की शादी बुलंदशहर में एक ही परिवार में दो सगे भाइयों से हुई थी। मायके वालों ने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज दिया था। शादी के कुछ महीने बाद ही ससुराल वालों ने स्कॉर्पियो कार और 20 लाख रुपये लाने का दबाव डालना शुरू कर दिया था। इनकार करने पर ससुराल वालों ने उत्पीड़न शुरू कर दिया। एक दिन दोनों बहनों को कार में बैठाकर सुसराल वाले उनके घर के पास छोड़कर भाग गए। जाते हुए उन्होंने तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता तोड़ दिया। मसूरी पुलिस का कहना है कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।