समाजवादी पार्टी का पूरा जोर साइकिल यात्रा पर है। हाईकमान भी इसेे गंभीरता से ले रहा है। सपा नेताओं ने बृहस्पतिवार को साइकिल यात्रा का ट्रायल किया।
सपा संगठन एक से 10 मई तक प्रदेश में साइकिल यात्राओं का आयोजन करेगा।
इसमें लोगों को सरकार की चार साल की उपलब्धियां बताईं जाएंगी। बृहस्पतिवार को साइकिल यात्रा का ट्रायल मुरादनगर प्रत्याशी दिशांत त्यागी की अगुवाई में किया गया। एनएच 58 स्थित एक शिक्षण संस्थान में आयोजित ट्रायल सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन ने कहा कि सपा के कार्यकाल में प्रदेश में रिकार्ड विकास कार्य किए गए हैं। अब जरूरत लोगों के बीच इन कामों का प्रचार करने की है।
सपा विकास कार्यों के बल पर सभी राजनीतिक दलों से आगे है। इस मौके पर साइकिल यात्रा का रूट प्लान तैयार किया गया। सपा महानगर अध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि साइकिलों की संख्या एक टुकड़ी में मात्र 50 रखी जाएगी। इस मौके पर राशिद मलिक, पुष्पा शर्मा, मधू चौधरी आदि शामिल रहे।