साहिबाबाद। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बिजली संकट लगातार दूसरे दिन भी बना रहा। शनिवार रात करीब 10 बजे बिजलीघर के ट्रांसफाॅर्मर में आग लगने से इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। करीब 20 हजार से अधिक उपभोक्ता रातभर बिना बिजली के परेशान रहे। लोग पूरी रात अधिकारियों को कॉल और मैसेज कर समाधान की मांग करते रहे, लेकिन सुबह तक समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी।
स्थानीय निवासी रवि कुमार ने बताया कि रात 10 बजे ट्रांसफाॅर्मर से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग लग गई। आग लगते ही आसपास के क्षेत्रों की बिजली बंद कर दी गई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। रविवार सुबह 7 बजे तक कई इलाकों में केवल एक फेज से बिजली दी जा रही थी, जिससे लोगों के घरों में पंखे तक नहीं चल सके। करीब 9 घंटे बाद सुबह 7 बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन दोपहर में फिर से बिजली का आना-जाना शुरू हो गया और तीन से चार घंटे की कटौती हुई।
गर्मी बढ़ने के साथ टीएचए के कई इलाकों में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। रविवार को इंदिरापुरम, वसुंधरा, साहिबाबाद, भोपुरा, डिफेंस कॉलोनी और राजेंद्र नगर में भी दो से तीन घंटे की कटौती हुई। अभयखंड निवासी संतोष देवी ने बताया कि दिन-रात ट्रिपिंग के कारण इनवर्टर ठीक से चार्ज नहीं हो पाते। भोपुरा निवासी बबीता ने कहा कि सुबह 11 बजे गई बिजली दोपहर 2 बजे आई। अधिकारियों से संपर्क करने पर केवल जल्द बहाली का आश्वासन मिला।
एसडीओ इंद्रप्रस्थ कॉलोनी बृजमोहन ने बताया कि गर्मी में लोड ज्यादा होने से ट्रांसफाॅर्मर की केबल में बार-बार फॉल्ट आ रहा है। उन्होंने कहा कि टीमें दिन-रात अलर्ट हैं और फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति सामान्य कर दी जाती है।