कोहरे में वाहन चला रहे हैं तो शहर के चौराहों पर संभलकर चलें। नगर निगम क्षेत्र के 30 से ज्यादा ट्रैफिक सिग्नल खराब हैं। पब्लिक ही नहीं ट्रैफिक पुलिस को भी चिंता है कि यह खराब ट्रैफिक सिग्नल कोहरे में बड़ा हादसा न करा दें। इसके लिए एसपी ट्रैफिक ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर खराब ट्रैफिक सिग्नलों को ठीक कराने को कहा है।
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने हाल ही में शहर भर में सर्वे कराकर ट्रैफिक सिग्नलों की स्थिति जानी थी। 60 फीसदी ट्रैफिक सिग्नल खराब मिले। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि शहर के मेन चौराहों और तिराहों पर करीब 50 से ज्यादा ट्रैफिक सिग्नल लगे हैं। इनमें 30 से अधिक खराब है।
ट्रैफिक सिग्नल चालू न होने की वजह से शहर में जाम की स्थिति बन जाती है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में कोहरा और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। शहर के सिग्नल खराब होंगे तो हादसे होने संभावनाएं भी बढ़ जाएंगी।
उन्होंने बताया कि वह कई बार निगम को पत्र लिख चुके हैं। यातायात माह में मुख्य अतिथि के रूप में आए मेयर अशु वर्मा को भी अवगत कराया था, बावजूद इसके सिग्नल ठीक नहीं हुए। एसपी ट्रैफिक ने बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त को पत्र भेजकर खराब ट्रैफिक सिग्नलों की सूची भी दी है। उन्होंने सिग्नलों को ठीक कराने के लिए कहा है।
यहां खराब हैं सिग्नल
दयानंद चौक, डीपीएस तिराहा, एएलटी चौराहा, कनावनी पुलिया, पुष्पांजलि कट, डाबर टी पाइंट, वेब सिनेमा, वैशाली टी प्वाइंट, साहिबाबाद स्टेशन रोड, वसुंधरा बुद्ध चौक, क्लब-5, प्रहलाद गढ़ी, मोहन नगर चौराहा, नंदग्राम टी पाइंट, ठाकुर द्वारा, चौधरी मोड़, सेठ मुकुंदलाल, यूपी गेट, डायमंड कट, इंदिरापुरम, खोड़ा, होटल कंट्री इन, गाजियाबाद रेलवे स्टेशन आदी जगहों के सिग्नल खराब पड़े हैं।
शहर में 27 ट्रैफिक सिग्नल का संचालन एक बीओटी फर्म को दिया गया था। उसका कांट्रेक्ट पूरा होने पर अब नए सिरे से टेंडर निकाले गए हैं। तब तक निगम अपने स्तर पर उनका संचालन करा रहा है। अगर कहीं ट्रैफिक सिग्नल खराब हैं तो उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।- अरुण कुमार गुप्त, उप नगर आयुक्त