गाजियाबाद। डूंडाहेड़ा अंडरपास पर यातायात संभाल रहे सिपाही पर ट्रक चालक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। विजयनगर पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके फरार साथी की तलाश जारी है।
एडीसीपी यातायात पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को टीएसआई विपिन कुमार के साथ सिपाही अंकित सैनी डूंडाहेड़ा अंडरपास पर तैनात थे। जाम की सूचना पर वे अंडरपास पहुंचे। वहां एक ट्रक ने रास्ता रोक रखा था। पुलिस ने चालक को ट्रक हटाने को कहा तो उसने मना कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। लोगों के विरोध पर वह ट्रक को एनएच-9 की सर्विस लेन पर ले गया।
पुलिसकर्मी दोबारा यातायात संचालन में लग गए। आरोप है कि कुछ देर बाद चालक गुलशन अपने साथी के साथ वापस आया और सिपाही अंकित पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर सिपाही को बचाया और आरोपी को पकड़ लिया। उसे विजयनगर थाने की चीता-6 टीम को सौंप दिया गया। आरोपी की पहचान बुलंदशहर के खेतलपुर बासौल्ली निवासी गुलशन के रूप में हुई है।
एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि घायल सिपाही की तहरीर पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।