वैशाली। सेक्टर-2 ई के बाजार और सेक्टर-3 में बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर तेज रफ्तार में दौड़ते नजर आ रहे हैं। इन ट्रैक्टरों का उपयोग भवन निर्माण सामग्री और अन्य सामान ढोने में व्यावसायिक रूप से किया जा रहा है। वाहनों पर न हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट है, न सामान्य नंबर प्लेट।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक तेज रफ्तार ट्रैक्टर हादसों का कारण बन रहे हैं। सेक्टर निवासी सुनील वैद ने परिवहन आयुक्त और यातायात पुलिस को शिकायत दी है कि नंबर प्लेट न होने से हादसे के बाद वाहन को ट्रेस करना मुश्किल होता है, जिससे अपराधियों को पकड़ने में भी दिक्कत आती है। साथ ही यातायात नियमों का धड़ल्ले से उल्लंघन हो रहा है। आरटीओ प्रवर्तन डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है और चेकिंग कर कार्रवाई के लिए टीम को निर्देश दिए गए हैं।