खोड़ा। वंदना एन्क्लेव कॉलोनी में ट्रैक्टर से बच्चे को कुचलने वाले ट्रैक्टर चालक को पुलिस से सीसीटीवी की मदद से पहचान लिया है। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि खोड़ा के वंदना एन्क्लेव कॉलोनी में पानी का टैंकर लेकर जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार साल के आरव की मौत के मामले में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में चालक ने अपना नाम प्रिंस बताया है। मामले में बच्चे के चाचा ने ट्रैक्टर चालक के नाबालिग होने का आरोप लगाया था। पुलिस ने टैंकर और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया था। पुलिस जांच में पता चला कि वंदना एन्क्लेव निवासी संजय यादव पानी की सप्लाई का काम करते हैं और उनका बेटा प्रिंस बुधवार को ट्रैक्टर के जरिए पानी का टैंकर ला रहा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने के बाद प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि वंदना एन्क्लेव में बुधवार दोपहर पानी का टैंकर लेकर आ रहे ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी थी। स्कूटी पर आगे बैठा आरव गिर गया था। इस दौरान ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में आरव को उसके पिता संदीप और चाचा पवन सिंह नोएडा के सरकारी अस्पताल ले गए थे। हालत गंभीर होने पर आरव को मेट्रो अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने आरव को मृत घोषित कर दिया था।