साहिबाबाद। जागरूकता अभियान के बावजूद बाजार में बिना आईएसआई मार्क के खिलौने बिक रहे हैं जो बच्चों के लिए घातक हैं। भारत मानक ब्यूरो गाजियाबाद की टीम को मेन रोड, राशिद मार्केट, पटपड़गंज रोड, दिल्ली में बिना आईएसआई मार्क के और फर्जी आईएसआई मार्क के खिलौने बिकते हुए पाए गए।
बीआईएस की टीम ने गाजियाबाद व दिल्ली के कई बाजारों में तलाशी और जब्ती अभियान चलाया। बीआईएस अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के तहत प्रत्येक खिलौने में आईएसआई मार्क अवश्य होना चाहिए जो बीआईएस की ओर से जारी हुआ है। बीआईएस अधिनियम, 2016 के निषेधात्मक प्रावधानों के तहत, कोई भी व्यक्ति वैध लाइसेंस के अलावा, मानक चिह्न के बिना धारा 16 की उपधारा (1) के अंतर्गत किसी भी प्रकार के माल, वस्तु, प्रक्रिया, प्रणाली या सेवा का निर्माण, आयात, वितरण, बिक्री, किराये पर देना, पट्टे पर देना, भंडारण या बिक्री के लिए प्रदर्शन नहीं करेगा। बीआईएस की टीम ने बाजार में कई दुकानों पर बिक रहे खिलौने जब्त किए और दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में अन्य बाजारों में भी सर्च अभियान चलाया जाएगा।