शनिवार और रविवार को गाजियाबाद-दिल्ली रेल रूट पर साढ़े पांच घंटे रेल रूट बाधित रहेगा। हिंडन बैराज के पास अंडरपास बनाने के लिए रात 10:30 बजे से सुबह 3:40 बजे तक दो लाइन पर ब्लाक लिया गया है।
इस दौरान दिल्ली से हावड़ा, मुरादाबाद और देहरादून मार्ग की ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। ब्लाक के दौरान चार की बजाय केवल दो लाइनों से अप-डाउन ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इस दौरान यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
हिंडन बैराज रोड के पास ही जीडीए और रेलवे मिलकर नया अंडरपास का निर्माण कर रहे हैं। इस अंडरपास के जरिए जीटी रोड और वसुंधरा आपस में जुड़ जाएंगे। रेलवे लाइन के नीचे आरसी के बड़े ब्लाक पुश किए जाएंगे।
रेलवे के डिवीजनल ट्रैफिक मैनेजर (डीटीएम) डीके चोपड़ा ने बताया कि शनिवार को रात 10:10 बजे से अलसुबह 3:40 बजे तक ब्लाक रहेगा। उन्होंने बताया कि इस रूट पर चार लाइनें हैं। ब्लाक केवल दो लाइनों पर रहेगा।
बाकी दो लाइनों पर कॉशन लगाकर ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रविवार रात को भी इसी समय साढ़े पांच घंटे का ब्लाक रहेगा। दो लाइनों से ट्रेनों को गुजारा जाएगा।
यह ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
मुंडवाडीह एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, लखनऊ-दिल्ली एसी स्पेशल, मसूरी एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, कालिंदी, शहीद एक्सप्रेस, रानीखेत एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस