हॉट सिटी की सूची में शुमार गाजियाबाद 4573 घरों में अभी भी टॉयलेट्स नहीं हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी क्षेत्र में हाउस होल्ड टॉयलेट्स के आवेदन मांगे गए तो इसका खुलासा हुआ। सबसे ज्यादा डिमांड गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र से मिली है। टॉयलेट के लिए आवेदन के मामले में दूसरे नंबर पर लोनी रहा।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निकाय से वर्ष 2015-2016 में शौचालय निर्माण के लिए व्यक्तिगत तौर पर आवेदन मांगे गए थे। इसके तहत पतला, निवाड़ी, मोदीनगर, फरीदनगर, मुरादनगर, लोनी, गाजियाबाद और डासना से कुल 3530 लोगों ने ऑनलाइन और 3164 मैनुअल आवेदन किए गए हैं।
इनमें सबसे ज्यादा आवेदन गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र से है। यहां से 2574 आवेदन ऑनलाइन और 1999 मैनुअल किए गए हैं। राज्य मिशन निदेशक ने डीएम को लिखित में आवेदनों की सूची सत्यापन कराने के लिए भेजी है।
डीएम विमल कुमार शर्मा ने बताया कि निदेशक द्वारा जारी सूची के साथ ही स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक आवेदन का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। आशंका है कि जिन लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं कहीं उन्हीं ने मैनुअल आवेदन न कर दिए हों।
ऐसे में सत्यापन के बाद ही आवेदकों की सही संख्या पता चल पाएगी। इसके लिए साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर नगर निगम के सहयोग से आवेदनों की हकीकत जानी जाएगी।
निकाय क्षेत्र ऑनलाइन आवेदन मैनुअल आवेदन
पतला 7 26
निवाड़ी 18 0
मोदीनगर 239 368
फरदीनगर 299 02
मुरादनगर 23 19
लोनी 285 820
गाजियाबाद 2574 1999
डासना 85 0