गाजियाबाद। सुनसान इलाके व फैक्टरियों के बाहर लगे ट्रांसफॉर्मर के उपकरण व तार चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के एक कबाड़ी समेत पांच शातिरों को गिरफ्तार किया है। ये तारों में औजार मारकर बिजली ट्रिप करके ट्रांसफॉर्मर के उपकरण व तार चोरी करते हैं। 20 मिनट में वारदात करके वहां से फरार हो जाते हैं। इनके पास चार बंडल एल्यूमीनियम तार, नौ क्वाइल, 14 एलटी रॉड, 12 एलटी रॉड पेंच, 20 लीटर ट्रांसफॉर्मर का तेल, चोरी करने में इस्तेमाल करने वाले औजार, चाकू, तमंचा और टैंपो बरामद किया है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पी. ने बताया कि पकड़े गए शातिर साहिबाबाद के अर्थला निवासी जाहिद, नंदग्राम के हिंडन विहार निवासी रोहिल, विजयनगर के कैला खेड़ा निवासी सरफराज, साहिबाबाद के पसौंडा निवासी आरिफ उर्फ शेरू और नगर कोतवाली के कैला भट्ठा निवासी इमदाद उर्फ मन्नू हैं। रोहिल मूलरूप से हापुड़ के सिंभावली अनूपपुर डिबाई का रहने वाला है। इमदाद कबाड़ी का भी काम करता है।
पूछताछ में जाहिद ने बताया कि वह पहले मजदूरी का काम करता था लेकिन ज्यादा कमाई के लिए उसने रोहिल, सरफराज, आरिफ और इमदाद के साथ मिलकर ट्रांसफॉर्मर चोरी करने का काम करने लगा। वे अधिकांश देहात क्षेत्र में चोरी करते हैं।
चोरी करने के दौरान झुलस गया जाहिद
जाहिद ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि काफी समय पहले पर ट्रांसफॉर्मर व तार चोरी करने के दौरान करंट लगने से झुलस भी गया था लेकिन उपचार कराकर ठीक होने के बाद उसने फिर से चोरी करना शुरू कर दिया।
इमदाद पर दर्ज हैं 66 मुकदमे
एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि गिरोह कई सालों से चोरी कर रहा है। इमदाद के खिलाफ गाजियाबाद में 66 मुकदमे चोरी व बरामदगी के दर्ज हैं। जबकि जाहिद पर गाजियाबाद में 27, मेरठ में तीन, रोहिल पर गाजियाबाद में 27, मेरठ में तीन, सरफराज पर गाजियाबाद में 25, मेरठ में दो और आरिफ पर गाजियाबाद में 25 मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व में कई बार जेल जा चुके हैं। इनके और साथियों की तलाश की जा रही है।