गाजियाबाद। सिहानी गेट क्षेत्र पटेल में पेंट कारोबारी नीरज रस्तोगी से लूट के प्रयास के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। नीरज रस्तोगी को थिनर सप्लाई करने वाले शिवम दीक्षित ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की थी। पूछताछ में पता चला कि शिवम के ई-रिक्शा चालक कुलदीप से नीरज रस्तोगी की माल को रखने पर विवाद हो गया था इसी का बदला लेने के लिए साजिश रची। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, स्कूटी और बाइक बरामद की है। डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी विजयनगर के कैला देहात निवासी शिवम दीक्षित, प्रताप विहार के सेक्टर 12 निवासी रईस सैफी और नंदग्राम के कौशल नगर निवासी कुलदीप हैं। शिवम हाल में मधुबन बापूधाम क्षेत्र के दुर्गा एंक्लेव में रह रहा है। शिवम थिनर सप्लाई का काम करता है। रईस शिवम का दोस्त और कुलदीप ई-रिक्शा चालक है। पूछताछ में शिवम ने बताया कि नीरज रस्तोगी ने उनके ई-रिक्शा चालक कुलदीप से कुछ समय पहले अभद्रता की थी। कुलदीप ने उन्हें यह जानकारी दी। इसी बात का बदला लेने के लिए उन्होंने यह साजिश रची। बरामद स्कूटी इन्होंने एक महीने पहले लोहिया नगर में से चोरी की थी।
वारदात में प्रयुक्त बाइक रईस की थी
घटना में शामिल रईस ने पुलिस को गुमराह किया। घटना के दौरान रईस, शिवम और कुलदीप बाइक छोड़कर मौके से भाग गए थे। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जानकारी करने के लिए नंबर निकालकर बात की तो रईस ने पुलिस से कहा कि उसकी बाइक चोरी हो गई। जबकि रईस खुद घटना में शामिल था और वो ही बाइक लेकर आया था।