मोदीनगर। मोदी शुगर मिल में सोमवार दोपहर नाले की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सफाई करते समय विषैली गैस की चपेट में आकर दो मजदूर नाले में गिर गए। साथी मजदूर दोनों मजदूरों को नाले से निकालकर नगर के निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के अनुसार फेफड़ों में नाले का पानी जाने के कारण दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने बिना सुरक्षा उपकरणों के कार्य कराने के आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। माेदी शुगर मिल में आगामी गन्ना पेराई सत्र की तैयारी चल रही है। मिल परिसर में सेफ्टी टैंक और नाले से गंदगी सफाई के काम में ठेकेदार की लेबर काम कर रही है। बताया गया कि ठेकेदार रोहित के पास काम कर रहे रमन, सागर, तुषार, हरीश, छोटे और संजू सोमवार दोपहर नाले की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वहां अचानक विषैली गैस की गंध से रमन और सागर बेहोश होकर नाले में गिर गए। साथी मजदूरों ने मुंह पर कपड़ा आदि बांधकर किसी तरह रमन और सागर को नाले से निकाला। घटना की सूचना मिलते ही गंभीर मजदूरों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही से काम कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ठेकेदार मौके से भाग गया और उसने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। परिजनों के अनुसार रमन अभी नाबालिग है और आर्थिक तंगी के कारण उसने मजदूरी शुरू की लेकिन ठेकेदार ने बिना सुरक्षा उपकरणों से उसे जोखिम भरे काम पर लगा दिया।
घटना की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। एसएचओ से रिपोर्ट मांगी गई है। किसी ने अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञानप्रकाश राय, एसीपी मोदीनगर