इंदिरापुरम। मंगल बाजार में बेटी के साथ सब्जी खरीदने गईं सीनियर एसोसिएट की बुजुर्ग मां से तीन महिलाओं ने टप्पेबाजी कर कंगन और कुंडल ठग लिए। परिजन के खोजने पर बुजुर्ग फल वालों के पास बेसुध अवस्था में मिलीं। बुजुर्ग के बेटे ने इंदिरापुरम थाने में तीनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ज्ञानखंड तीन स्थित शिप्रा रिवेरा निवासी नितिन चंदोला ने बताया कि वह नोएडा की एक एमएनसी कंपनी में सीनियर एसाेसिएट हैं। उनकी बुजुर्ग मां सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे मंगल बाजार में सब्जी खरीदने गईं थीं। उनकी बहन व मां सब्जी खरीदने के दौरान आगे पीछे हो गईं। इसी दौरान उनकी मां के पास घबराई हुई एक महिला आई। महिला ने अपने पास खूब सारे पैसे होने की बात कहते हुए एटीएम तक चलने का आग्रह किया। इसी बीच दो और महिलाएं और आ गईं लेकिन नितिन की मां ने जाने से इन्कार कर दिया। इसी बीच तीनों से एक महिला ने उनके सिर पर कुछ फेंका। इससे नितिन की मां महिलाओं के झांसे में आकर उनके साथ चल दीं। महिलाएं बुजुर्ग को टंकी वाले पार्क के रास्ते से बाटा शोरूम के पीछे ले गईं। तीनों में से दो ने अपने पहने हुए जेवरात उतारे और बुजुर्ग के कुंडल व कंगन भी उतरवा कर रूमाल में बांधकर बैग में रख दिए। फिर तीनों महिलाओं ने बुजुर्ग को बैग थमाकर फल वालों के पास इंतजार करने के लिए बोला।
तीन तोले के थे गहने
नितिन ने बताया कि बैग खोलने पर रूमाल में कागज के टुकड़े बंधे हुए मिले जबकि उनकी मां के कंगन ढाई तोले व कुुंडल आधे तोले के थे। पूरे गहनों की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये है। वहीं एक शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी को चेक करने पर तीनों महिलाएं नितिन की मां के साथ जाती हुई दिखाई दे रही हैं लेकिन रात का समय होने पर चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि टप्पेबाजों की तलाश में टीम लगाई हुई हैं।