इंदिरापुरम। निहो स्कोटिस सोसायटी निवासी युवती से फ्लैट का ऑनलाइन पंजीकरण करते समय 25 हजार रुपये की ठगी हो गई। युवती ने इंदिरापुरम थाने में साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है।
निहो स्कोटिस सोसायटी निवासी सिल्की जैन ने बताया कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की वेबसाइट पर फ्लैट बुक करने के लिए गूगल पर सर्च किया था। उन्होंने लॉगिन कर सारी जानकारी भर दी और वेबसाइट पर दिए गए खाते में 25 हजार रुपये की धनराशि भी जमा करा दी लेकिन बाद में पता चला कि वेबसाइट व खाता संख्या फर्जी है। ठगों ने डीडीए से मिलती जुलती ही वेबसाइट बना रखी थी। इससे उनको अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि साइबर ठगाें की तलाश में टीम को लगाया गया है।