खोड़ा। पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन चोर गिरोह के तीन आरोपियों को 27 फरवरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खोड़ा थानाक्षेत्र के सैनिक विहार निवासी अतीक अहमद, संगम पार्क कॉलोनी निवासी विक्की और राजीव नगर निवासी सिद्धार्थ शामिल है। तीनों की निशानदेही पर राजीव नगर स्थित खाली प्लॉट से पुलिस ने 6 वाहन बरामद किए हैं। अदालत ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को टीम इंदिरापुरम अंडरपास पर चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान बाइक पर सवार होकर जा रहे अतीक, विक्की और सिद्धार्थ को रोका। बाइक के दस्तावेज मांगने पर वह हड़बड़ा गए और सख्ती से पूछताछ की गई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बाइक को कुछ दिन पहले ही दिल्ली से चोरी किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीन बाइक और एक स्कूटी उन्होंने राजीव नगर स्थित प्लॉट में छिपा रखी है। टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को बरामद कर लिया। एसीपी ने बताया कि बरामद हुए चोरी के वाहनों की जांच की जा रही है। इस गिरोह में और कई युवक जुड़े हुए हैं और उनको भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।