गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ विहार में दो स्थानों पर चल रहे अवैध निर्माण के मामलों में आवास विकास परिषद के अवर अभियंता ने अलग-अलग दो मुकदमे दर्ज कराए हैं। महिला समेत तीन लोगों को नामजद कराते हुए अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
आवास विकास परिषद के अवर अभियंता योगेंद्र कुमार गुप्ता की तरफ अवैध निर्माण के दो मामलों में विजयनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। योगेंद्र कुमार गुप्ता ने एक मामले में राजा सिंह व अन्य निवासी सिद्धार्थ विहार को नामजद कराया तो दूसरे मामले में जाकिर हुसैन व महिला नसीम निवासी सिद्धार्थ विहार को आरोपी बनाया है। विजयनगर पुलिस का कहना है कि अवर अभियंता की तहरीर पर दोनों ही मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।