साहिबाबाद। टीलामोड़ थानाक्षेत्र के करनगेट से कमरे में सो रहे तीन माह के मासूम को चोरी करने का आरोप पड़ोसी दंपती पर लगा है। पीड़ित पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि महिला बच्चों के साथ भीख मांगती है। उनको संदेह है कि आरोपी उनके मासूम बेटे को भी भींख मांगने या उसे बेचने के लिए चोरी किया गया है। पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपी दंपती की लोकेशन पहले मुजफ्फरनगर और फिर सोनीपत मिली है। पुलिस आरोपियों के नजदीकियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर बच्चे की तलाश में जुटी है।
मूलरूप से अलीगढ़ के अकराबाद निवासी फुरकान परिवार के साथ टीला मोड़ थानाक्षेत्र के करनगेट गली नंबर चार में किराये पर रहते हैं। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। उनके पड़ोस में मूलरूप से मुजफ्फनगर के दतियाना निवासी नौसाद अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ वहीं किराये पर रहता है। वह स्वयं कबाड़ का काम करता है और उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ भीख मांगने काम करती है। फुरकान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि सोमवार को वह अपने काम पर गए थे। उसी दौरान उनकी पत्नी कमरे में सो रहे तीनों बच्चों को छोड़कर पास में पानी लेने चली गई। जब वह पानी लेकर लौटीं तो देखा की उनका तीन माह का बच्चा गायब है। उन्होंने बेटे को आसपास में तलाश किया, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पड़ोसी दंपती को फोन लगाया, लेकिन पहले तो उन्होंने कॉल पिक नहीं की। जब कई बार फोन मिलाया तो एक बार बात हुई, लेकिन बेटे की बात सुनकर वह घबरा गए और सही से जानकारी दिए बिना ही फोन काट दिया। इसके बाद वह उनके कमरे पर गईं तो पाया कि दंपती सामान से के साथ कमरे से गायब थे। पीड़ित पिता ने शिकायत में संदेह जताया है कि उनके बेटे को पड़ोसी नौसाद और उसकी पत्नी ने बेचने या उसे लेकर भीख मांगने के लिए चुराया है। पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू की तो आरोपी दंपती की लोकेशन पहले तो मुजफ्फनगर की आई और फिर सोनीपत में पहुंच गई।
आरोपियों पर संदेह के यह है प्रमुख कारण
पीड़ित परिजन का आरोप है कि आरोपी महिला अकसर उनके घर आकर बच्चे के साथ खेलती थी और उसे दुलारती थी। अकसर उसे अपने साथ ले जाने की जिद करती थी, लेकिन पीड़ित की मां इन्कार कर दिया करती थी। इस बात को लेकर भी पीड़ित दंपती को आरोपियों पर संदेह है। वहीं, आरोपी न तो फोन पर सही जवाब दे पाए और घर से सामान लेकर भी उसी समय भाग गए। इन सभी को देखते हुए पीड़ितों को आरोपियों पर संदेह है।
-
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीला मोड़ थाने में दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके लोकेशन के आधार पर सोनीपत और मुजफ्फरनगर के लिए टीमें रवाना कर दी है। उनके कई करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही बच्चे को सकुशल वापस लाया जाएगा।