दिल्ली-गाजियाबाद रेल मार्ग पर हिंडन नदी के पास साढ़े छह घंटे के ब्लाक की वजह से आज रेल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। देहरादून-दिल्ली नंदा देवी एक्सप्रेस, वाराणसी-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का रूट बदलने से रविवार अल सुबह यह ट्रेनें गाजियाबाद स्टेशन नहीं आएंगी।
मुरादाबाद और सहारनपुर से इनका रूट बदल जाएगा। ऐसे में सहारनपुर और मुरादाबाद से गाजियाबाद के बीच पड़े वाले स्टेशनों के यात्रियों को दिल्ली पहुंचना पड़ेगा और यहां से वापस अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं रविवार को तीन ईएमयू कैंसल रहेंगी।
गाजियाबाद-दिल्ली सेक्शन पर हिंडन पुल के पास दो ट्रैक पर रात 11 बजे से सुबह 6:30 बजे तक ब्लाक रहेगा। साढ़े सात घंटे तक इन ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। इसके चलते नंदा देवी एक्सप्रेस को सहारनपुर से डायवर्ट कर दिया जाएगा।
ऐसे में मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद आने वाले यात्रियों को दिल्ली से वापस लौटना पड़ेगा या सहारनपुर उतरकर दूसरी ट्रेन से आगे का सफर करना पड़ेगा। इसी तरह वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को मुरादाबाद से टपरी, शामली की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा।
ऐसे में अमरोहा, गजरौला, गढ़, हापुड़, पिलखुवा और गाजियाबाद के यात्रियों को दिल्ली उतरना पड़ेगा या मुरादाबाद से दूसरी ट्रेन से आगे सफर करना होगा। यानी यात्रियों को फजीहत झेलनी पड़ेगी।
दूसरी ओर, रविवार को गाजियाबाद-नई दिल्ली ईएमयू (64421), गाजियाबाद-नई दिल्ली-दिल्ली ईएमयू (64437) और दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू (64402) रद्द रहेंगी। यह ट्रेनें रविवार को गाजियाबाद नहीं आएंगी। इससे दैनिक यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ेंगी।