साहिबाबाद। टीलामोड़ पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मंगलवार देर रात एयरपोर्ट जंगल के पास से तीन गोकशी के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मेरठ के लिसाड़ी गेट स्थित लख्खीपुरा निवासी परवेज, शाहजहांपुर निवासी मेहताब और फतेहपुर के ज्वालागंज स्थित तुरावली निवासी शमशेर शामिल हैं। तीनों आरोपी गाय पकड़कर ले जाने के लिए ट्रक लेकर पहुंचे थे। मुठभेड़ में आरोपी परवेज के पैर में गोली लगी है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि परवेज मेहताब और शमशेर कुछ दिनों पहले काका फार्म के पास हुई गोकशी के मामले में आरोपी थे। मंगलवार रात तीनों ट्रक लेकर एयरपोर्ट जंगल की तरफ खड़े थे और गाय बांधकर ले जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर टीलामोड़ थाना पुलिस और स्वाट टीम मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में परवेज के पैर में पुलिस की गोली लगी। वहीं, मेहताब और शमशेर ने भागने की कोशिश की लेकिन उन्हें भी पुलिस ने पकड़ लिया। तीनों ने पूछताछ में काका फार्म के पास गोकशी करने और गो तस्करी के लिए गाय ले जाने की बात स्वीकार की है।