गाजियाबाद। ऊर्जा निगम ने बकाया बिल जमा नहीं करने वाले साढ़े तीन हजार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बृहस्पतिवार को काट दिए। इन उपभोक्ताओं पर निगम का तीन करोड़ रुपये से अधिक बकाया है। काटे गए कनेक्शनों में से 1800 स्मार्ट मीटर वाले थे।
फिलहाल, 10 हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों पर कार्रवाई की गई है। इससे कम बकाये वालों के खिलाफ भी कनेक्शन काटने की तैयारी हो चुकी है। शुक्रवार को 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की योजना है। ये उपभोक्ता अगर 24 घंटे के भीतर बिल जमा नहीं करते हैं तो बिजली गुल कर दी जाएगी।
ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि कविनगर, राजनगर गोविंदपुरम, बहरामपुर, प्रताप विहार, नेहरूनगर, गांधीनगर और लालकुआं जैसे इलाकों में कनेक्शन काटे गए हैं। उपभोक्ताओं को बकाया जमा करने के लिए लगातार फोन भी किए जा रहे थे। सामान्य मीटर वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन लाइनमैन खुद पहुंचकर काट रहे हैं। वहीं, स्मार्ट मीटर वाले कनेक्शन स्वचालित रूप से कट गए। स्मार्ट मीटर धारकों के बिल जमा करते ही आपूर्ति तुरंत शुरू हो जाएगी, जबकि सामान्य मीटर वालों को लाइनमैन को सूचित करना होगा।
ईंधन अधिभार में कमी से लाभ
ऊर्जा निगम ने इस बार ईंधन अधिभार में 2.92 फीसदी की कमी की है। अगस्त में उपभोक्ताओं को मिलने वाले बिलों में यह राशि घटाकर भेजी जाएगी। निगम ने लगातार दूसरी बार ईंधन अधिभार में कमी की है। इससे उपभोक्ताओं को सवा 13 करोड़ रुपये का फायदा होगा। मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि साढ़े 11 लाख उपभोक्ताओं को इस कमी से लाभ होगा। पिछले माह भी उपभोक्ताओं को करीब 17 करोड़ रुपये का फायदा हुआ था। हालांकि, मई के बिलों में 10 फीसदी ईंधन अधिभार वसूला गया था।