बुलंदशहर। 20 लाख रुपये देकर तलाक नहीं देने पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित पति ने अपनी पत्नी, उसके पिता और भाई के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के चांदपुर निवासी राजकुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसकी शादी अलीगढ़ की मील रोज कालोनी निवासी प्रज्ञा के साथ हुई थी। शादी के बाद प्रज्ञा घर में चुपचाप रहती थी। आरोप है कि जब उससे चुप रहने का कारण पूछा तो प्रज्ञा ने कहा कि उसकी शादी जबरन की गई है। वह किसी और से शादी करना चाहती है। इसी बीच प्रज्ञा गर्भवती हो गई और 22 सितंबर को वह घर से बिना बताए कहीं गायब हो गई और घर से लाखों रुपये के जेवरात और ढाई लाख की नकदी भी साथ ले गई। इसके बाद जब उसे लेने अलीगढ़ गए तो प्रज्ञा ने वापस आने से इन्कार कर दिया। बाद में जानकारी मिली कि उसने गर्भपात भी करा दिया है। आरोप है कि इसके बाद आरोपी के पिता ने एक शुभचिंतक के फोन से फोन करके धमकी दी और कहा कि यदि 20 लाख रुपये देकर तलाक नहीं दिया तो फर्जी मुकदमे में जेल भिजवा देंगे। राजकुमार का आरोप है कि मामले में नगर पुलिस के साथ एसएसपी को शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। अब पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी प्रज्ञा, उसके पिता जीतपाल, मां सीमा, भाई अजय और सुभाष चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जल्द आगे कार्रवाई की जाएगी।