माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र के एक्सटेंशन दो स्थित सेंट मेरी क्रिश्चियन स्कूल को सोमवार सुबह करीब सात बजे हाइड्रोजन बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी स्कूल की जी-मेल आईडी पर भेजी गई थी।
सोमवार सुबह आठ बजे स्कूल क्लर्क ने ई-मेल देखा तब पता चला। खोजी कुत्ते लेकर पहुंचे पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने डेढ़ घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। विस्फोटक नहीं मिलने पर पढ़ाई शुरू कराई गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
स्कूल प्रबंधक जॉन शर्मा ने बताया कि क्लर्क ने जैसे ही धमकी भरे ई-मेल के बारे में बताया, वैसे ही पुलिस को सूचना दे दी गई। एहतियात के तौर पर बच्चों को मैदान में भेजा गया। लगभग 700 बच्चे आए थे।
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भले ही विस्फोटक न मिला हो लेकिन मामला बच्चों से जुड़ा होने की वजह से बेहद गंभीर है। एक साइबर विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए लगाया गया है, ताकि पता चल सके कि ई-मेल किसने और कहां से भेजा था। वहीं स्कूल के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।
पहले भी कई स्कूलों को मिल चुकी है मेल
यह पहला मौका नहीं जब शहर के किसी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। इससे पूर्व वर्ष 2024 में शालीमार गार्डन के ही दशमेश पब्लिक स्कूल, दिल्ली कॉवेंट स्कूल एवं चंद्रनगर स्थित डीएवी स्कूल को बम से उड़ाने की मेल मिली थी। इसके बाद हिंडन एयरपोर्ट पर भी खड़ी फ्लाइट को उड़ाने की धमकी भरी मेल दो बार मिल चुकी है। अब तक इन मामलों में पुलिस कोई खुलासा नहीं कर सकी है।