सामुदायिक और सार्वजनिक टॉयलेट्स बनने के बावजूद खुले में शौच जाने वालों को तलाशने मंगलवार सुबह नगर निगम की टीमें सड़कों पर निकलेंगी। निगम अधिकारियों ने मोहन नगर, कविनगर और सिटी जोन में स्वच्छता व जागरूकता अभियान के लिए चार टीमें गठित की हैं। इन टीमों में पांच-पांच अधिकारियों-कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
टीमों में जोनल प्रभारियों, कर अधीक्षकों व सुपरवाइजरों को रखा गया है।दरअसल, खुले में शौच मुक्त शहर बनाने के लिए नगर निगम लंबे समय से प्रयास कर रहा है। अब स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र सरकार का भी इस पर जोर है। इसी मिशन के तहत शहर में सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है।
अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा का कहना है कि केंद्र सरकार के निर्देशों पर 16 से 30 नवंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को अलग-अलग जोन में टीमें जाएंगी और खुले में शौच जाने वालों को तलाशेंगी।
उन्हें घरों में शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों के आसपास के लोगों को इनके प्रयोग के लिए जागरूक किया जाएगा।