लोनी। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में चोरों ने पांच साल में पांच बार घर में घुसकर लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने मंगलवार को फिर से घर में चोरी कर ली। घटना के दौरान परिवार के लोग रिश्तेदारी में गए थे। घर आने पर चोरी का पता चला। मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई।
पूजा कॉलोनी में मुस्तफा परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह गुड़गांव में बर्तन की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि वह पत्नी और बच्चों के साथ घर के गेट पर ताला लगाकर मंगलवार को रिश्तेदारी में चाचा के घर दावत पर गए थे। उन्होंने बताया कि देर रात चोर उनके मकान के मुख्य गेट पर लगा ताला तोड़ कर अंदर घुस गए। चोरों ने मकान की अलग-अलग मंजिल पर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब 65 हजार रुपये की नकदी, सोने का हार, सोने की चेन, लोंग व चांदी की दो पाजेब, पायल, चांदी की चेन, घड़ी, जाकेट समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चोर छत पर लगे मोबाइल टावर से सामान चोरी का प्रयास कर रहे थे। तभी पड़ोसी जाग गए। इस पर चोर पड़ोसियों के गेट की कुंडी लगाकर मौके से फरार हो गए। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर आते जाते हुए दिखाई दे रहे है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्ष में चोरों ने पांचवीं बार चोरी की घटना को अंजाम दिया है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।