लोनी। ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रीत ब्रदर्स लिमिटेड कंपनी के बाहर खड़े ट्रक को अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया। ट्रक में 4200 किग्रा लोहा भरा था। मामला तीन अप्रैल की रात का है। पुलिस ने चार अप्रैल को कंपनी के एचआर हेड जॉय चंद्रा सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में जॉय चंद्रा सिंह ने बताया कि तीन अप्रैल की रात फैक्टरी से 4200 किग्रा लोहा हरियाणा के सोनीपत स्थित केटीटी आईएनसी नामक कंपनी में जाना था। श्रमिकों ने गाड़ी में माल भरकर बाहर ही छोड़ दी। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति मौका पाकर ट्रक चुराकर भाग गया। कुछ देर बाद श्रमिक जब फैक्टरी से बाहर आए तब ट्रक चोरी का पता चला। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक अज्ञात व्यक्ति ट्रक ले जाता दिखाई दिया। तब उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि ट्रक समेत माल की कीमत लाखों में है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।