लोनी। राम पार्क विस्तार कॉलोनी स्थित बंद घर का ताला तोड़कर चोर रविवार रात को चार लाख की नकदी समेत करीब 10 लाख का माल चुराकर ले गए। परिजन घर पहुंचे तो घटना का पता चला। मामले की शिकायत ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस से गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर चोरों की तलाश में जुट गई है।
दिल्ली स्थित फाइनेंस कंपनी के कर्मी तपेश त्यागी परिवार के साथ राम पार्क विस्तार कॉलोनी में रहते हैं। कुछ दूरी पर ही उनके माता-पिता का भी घर है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता रामनाथ त्यागी के निधन के बाद मां सुदेश अकसर उनके घर पर आकर रुक जाती हैं। रविवार को मां अपने वाले घर का ताला लगाकर उनके पास आ गई और रात में वहीं रुकी। सोमवार सुबह उनकी पत्नी ज्योति मां के घर पर गईं तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दो अलमारियों के ताले तोड़कर उसमें रखे चार लाख रुपये और करीब छह लाख के जेवरात चोरी करके ले गए। चोर गैस सिलिंडर भी ले गए। घटना की शिकायत पुलिस से की तो मौके पर पहुंची। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है।