गाजियाबाद। शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। उम्मीदवार व कार्यकर्ताओं ने कहीं मतदान धीमी गति से कराने तो कहीं बिजली कटौती करने के आरोप लगाए। शाम छह बजे मतदान संपन्न होने के बाद 3092 ईवीएम में 14 उम्मीदवारों की किस्मत कैद हो गई। शुक्रवार देर रात तक ईवीएम को गोविंदपुरम अनाज मंडी में बने स्ट्रांग रूम में जमा कराई गईं।
स्ट्रांग रूम पर त्रिस्तरीय सुरक्षा के साथ सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। स्ट्रांग रूम के पास बीएसएफ की एक टुकड़ी, मध्य में हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मी और तीसरी लेयर में सिविल पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनकी ड्यूटी तीन शिफ्ट में रहेगी। दो एसीपी की देखरेख में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा रहेगी। इसके अलावा दोहरी बैरिकेडिंग भी रहेगी।
रूट डायवर्जन के चलते लगा जाम
गोविंदपुरम अनाज मंडी में बने स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा कराने के लिए शुक्रवार शाम छह से गोविंदपुरम की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया। रूट डायवर्जन के चलते अंदरूनी रास्तों पर जाम लग गया। देर रात तक ईवीएम जमा कराने के बाद स्ट्रांग रूम पर ताला लगाकर त्रिस्तरीय सुरक्षा लगा दी गई।