गाजियाबाद। हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर में ज्येष्ठ दशहरा पर्व पर गंगा स्नान के मद्देनजर चार दिन तक गाजियाबाद में एनएच-9 पर भारी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को रूट डायवर्जन के तहत निकाला जाएगा। यह व्यवस्था 23 मई की रात आठ बजे से 26 मई तक लागू रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गढ़मुक्तेश्वर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में एनएच-9 पर यातायात का दबाव बढ़ेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए एनएच-9 पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली और लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन अब डासना से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे होकर सिकंदराबाद, बुलंदशहर, डिबाई और नरौरा के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। कुंडली और पलवल की ओर से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के जरिये हापुड़ जाने वाले भारी वाहनों को डासना पर उतरने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से आगे भेजा जाएगा।