गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र में चौधरी मोड़ पर नाले पर ढके जाल से बुधवार सुबह अचानक आग की लपटें निकलने लगी। ऐसे में आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी करने पर पता चला कि आग आईजीएल(इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड) की अंडरग्रांउड पाइपलाइन में लगी है। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि बुधवार सुबह नौ बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर एक फायर टेंडर भेजकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग अंडरग्राउंड पाइपलाइन के कारण शांत नहीं हो सकी। ऐसे में फोम सेफ्टी टेंडर भेजकर फोम से आग को कवर करके कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।