मोदीनगर। निवाड़ी रोड स्थित एक दुकान पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाकर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम जोरदार हंगामा किया। आरोप है कि फैब्रिकेटर ने राष्ट्रीय ध्वज मेज के पाय में बांधा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया है। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
निवाड़ी मार्ग स्थित भारत एल्युमीनियम फैब्रिकेशन के नाम से एक दुकान है। रविवार शाम हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि दुकान पर राष्ट्रीय ध्वज मेज के पाये से बांधा गया है। वरिष्ठ नेता नीरज शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। नीरज ने आरोप लगाया कि दुकानदार ने राष्ट्रीय ध्वज मेज के पाये से बांध रखा था और उसके चारों तरफ गंदगी पड़ी थी। इसे देख कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने दुकानदार पर कार्रवाई की मांग कर हंगामा किया। आरोप लगाया कि दुकानदार ने जान बूझकर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि दुकानदार से पूछताछ की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।